रेवाड़ी | रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नांगल पठानी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार शाम एक युवक ने चलती मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सायं करीब छह बजे कोसली से रेवाड़ी की ओर जा रही मालगाड़ी के सामने युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया। ट्रेन चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे स्टेशन और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चरखी दादरी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान गांव मुरलीपुर निवासी 25 वर्षीय अतर सिंह के रूप में हुई है। पहचान के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर कोसली के सरकारी अस्पताल भिजवाया। हवलदार भतेरी देवी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिजनों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। अतर सिंह अविवाहित था और निजी कारणों से परेशान चल रहा था।
पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।