अंबाला कैंट | अंबाला कैंट में 13 मई 2025 को कोल्ड ड्रिंक डिस्ट्रीब्यूटर संजीव त्रेहन (49) और उनके बेटे से हुई लूटपाट का रहस्य आखिरकार सुलझा लिया गया है। सीआईए-2 टीम ने नौ महीने की जांच के बाद इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक जुवेनाइल को संरक्षण में लिया।
पूछताछ में आरोपी राहुल ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बाइक 60 हजार रुपये में गिरवी रखी थी और उसे छुड़वाने के लिए पैसों की जरूरत थी। इस कारण उसने दोस्तों के साथ मिलकर त्वरित पैसे कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई थी।
जांच में सामने आया कि 13 मई की रात आरोपियों ने प्रीत नगर के गोदाम से निकलते समय संजीव त्रेहन और उनके बेटे की रेकी की थी। जैसे ही वे अंधेरी गली में पहुंचे, आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च डाल दी। डर और अंधेरे के कारण संजीव और उनके बेटे एक्टिवा से गिर गए, फिर आरोपियों ने चाकू से हमला कर तीन लाख रुपये नकदी से भरा थैला छीन लिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है: अभिषेक (सिमरन विहार, बीडी फ्लोर मिल के पीछे), राहुल (शालीमार बाग), दीपक (कुंज विहार)। इसके अलावा लालकुर्ती का एक जुवेनाइल भी संरक्षण में लिया गया। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में एएसआई नवीन राणा, वेद प्रकाश और हेड कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।