फरीदाबाद | फरीदाबाद के जाजरू गांव में पंचायत की जमीन पर अवैध निर्माण और पेड़ काटने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जोहड़, बरात घर और पंचायत मार्गों पर बिना अनुमति के निर्माण शुरू कर दिया है। स्थानीय सरपंच अजय डागर ने इस बारे में एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और सेक्टर-58 थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
सरपंच के अनुसार, छह महीने पहले प्रशासन की ओर से गांव में रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें अवैध निर्माण और कब्जों के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई थी। बावजूद इसके निर्माण रोकने या निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर जल्द ही कदम नहीं उठाए गए, तो पंचायत की सारी जमीन अवैध कब्जाधारियों के अधीन हो सकती है।
ग्रामीणों ने पेड़ काटकर अपनी जमीन का विस्तार किया, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा। सरपंच ने बताया कि महेंद्र, राजेंद्र, विजय और जुगल नामक ग्रामीणों के खिलाफ अवैध निर्माण के मामले में अब तक कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है।
सरपंच ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन सक्रिय नहीं हुआ, तो पंचायत को इन अवैध निर्माणों को हटाना बेहद मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं एसडीएम से मिलूंगा और इस मामले में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करूंगा, ताकि कोई भी भविष्य में पंचायत की जमीन पर कब्जा न कर सके।”