जालंधर। शहर के बूटा मंडी इलाके में उस समय दहशत फैल गई, जब दिनदहाड़े गोली चलने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि फायरिंग की यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई। घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, घायल युवक सलीम का भाई है। सलीम ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसके चाचा के बेटे के साथ आरोपियों का झगड़ा हुआ था, जिसे बाद में आपसी समझौते के जरिए सुलझा लिया गया था। हालांकि, कुछ दिन बाद नाहर और साहिल सहित चार युवक दोबारा इलाके में पहुंचे और उसके भाई पर अचानक गोलियां चला दीं।
परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया कि इससे पहले भी गर्मी के मौसम में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी, तब दूसरे पक्ष ने माफी मांग ली थी। लेकिन इस बार आरोपियों ने युवक को घेरकर पहले उसके साथ मारपीट की। जब युवक घर जाकर अपने भाई को घटना की जानकारी दे रहा था, तभी हमलावरों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि फायरिंग देसी कट्टे से की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनसे पूछताछ के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।