रूपनगर । नई दिल्ली से श्री आनंदपुर साहिब होते हुए ऊना (हिमाचल प्रदेश) जा रही 22447 वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। नंगल डैम से करीब दो किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक पर अचानक आई एक भैंस ट्रेन से टकरा गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
तेज रफ्तार से चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में मौजूद लोको पायलटों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। हालांकि टक्कर के दौरान इंजन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते ब्रेक लगने से बड़ा हादसा टल गया।
ट्रेन को लगे झटके के कारण कोच के अंदर बैठे यात्रियों को भी घबराहट महसूस हुई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद ट्रेन को करीब आधे घंटे तक मौके पर ही रोके रखा गया।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक से पशु को हटाया गया। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया और ट्रेन अपनी मंजिल ऊना, हिमाचल प्रदेश की ओर रवाना हो गई।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रैक पर पशुओं की आवाजाही रोकने को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।