करनाल। हरियाणा के करनाल स्थित जेल प्रशिक्षण अकादमी में गुरुवार को भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 116 नवप्रशिक्षित जेल पुलिस कर्मचारियों ने अनुशासन और जोश के साथ परेड में भाग लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और नवप्रशिक्षित जवानों की सलामी ली।
समारोह में जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परेड की भव्यता और जवानों के अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह नया बल प्रदेश की जेल व्यवस्था को और अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जेल विभाग का कार्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सुधार और पुनर्वास भी इसकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नवप्रशिक्षित कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय दृष्टिकोण के साथ अपनी सेवाएं देंगे।
वहीं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भी सभी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें आधुनिक जरूरतों और चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में बेहतर कार्य कर सकें।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री रणवीत बिट्टू पर राहुल गांधी द्वारा संसद परिसर में दिए गए कथित बयान को अनुचित बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक सोच को दर्शाती है।
सीएम सैनी ने 1984 के दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने इतिहास से सबक लेना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राजनीति में शब्दों की गरिमा जरूरी है और ऐसी टिप्पणियां समाज में विभाजन को बढ़ावा देती हैं।