हिसार। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। पानीपत, भिवानी, करनाल, हिसार, चरखी दादरी और कैथल सहित कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही। कोहरे के कारण हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, राज्य में फिलहाल वर्षा की कोई संभावना नहीं जताई गई है। कमजोर पड़ते पश्चिमी विक्षोभ के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का असर लगातार बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक ठंड जारी रहेगी, लेकिन 10 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार सरसों की फसल में सफेद रतुआ और अल्टरनेरिया रोग पर नजर रखें। वहीं, गेहूं और जौ की फसलों में आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें और पाले से बचाव के उचित उपाय अपनाएं।