बादशाहपुर। बादशाहपुर हिंदू सम्मेलन समिति के संयोजन में आगामी 8 फरवरी को चिनार गार्डन में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर है और आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन होंगे। वहीं, प्रसिद्ध रामकथा वाचक स्वामी ब्रह्मोन्द्रानंद (वृन्दावन वाले) का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। संतों के मार्गदर्शन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सनातन परंपराओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन समिति से जुड़े जागेश त्यागी, बाबी यादव, ऋषि त्यागी, बादशाहपुर मार्केट के प्रधान रोशन मेंबर, जैन समाज के प्रधान दयाचंद जैन और आंबेडकर सभा के राकेश निराला ने बताया कि सम्मेलन को लेकर समाज के सभी वर्गों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और महिला सत्संग मंडलों से संपर्क कर उन्हें सम्मेलन से जोड़ा जा रहा है।
सम्मेलन से एक दिन पहले 7 फरवरी को समाज के प्रमुख लोगों के साथ पूरे बादशाहपुर गांव में सार्वजनिक आमंत्रण टोलियां निकाली जाएंगी। इस अभियान में सामाजिक संस्थाएं और रामलीला समितियां भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन बादशाहपुर के इतिहास में ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा, जो समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को और सुदृढ़ करेगा।