नई दिल्ली। मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में स्थित एक अवैध कोयला खदान में हुए भीषण धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। मंगलवार को इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई, जिसके बाद यह आंकड़ा और बढ़ गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान रामचंद्र बैष्णब और निमारुद्दीन के रूप में हुई है। दोनों असम के कछार जिले के कटिगोराह क्षेत्र के निवासी थे और उनका इलाज सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) में चल रहा था। बताया गया कि दोनों ने सोमवार रात दम तोड़ दिया।
यह हादसा मेघालय से सटे म्यंसंगट गांव के दूरस्थ थांगस्कू इलाके में हुआ था, जहां गैर-कानूनी तरीके से कोयला खदान संचालित की जा रही थी। धमाके के बाद घायल हुए कुल नौ मजदूरों को SMCH में भर्ती कराया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेघालय सरकार ने धमाके के कारणों का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए न्यायिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, असम सरकार ने इस दुर्घटना में मारे गए राज्य के मजदूरों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। अब तक इस हादसे में कछार जिले के कम से कम आठ मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल प्रशासन राहत एवं जांच कार्य में जुटा हुआ है और हादसे के पीछे की वास्तविक वजहों की पड़ताल की जा रही है।