पटियाला। पटियाला पुलिस ने लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले हरियाणा से जुड़े चार सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना अनाज मंडी में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी अरुण कुमार, रोहतक के गांव बहिलंबा निवासी साहिल कुमार, सोनीपत जिले के गोहाना निवासी अजय तथा रोहतक के मोहल्ला कच्ची गड़ी निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वे वारदात के दौरान लोगों को डराने और मारपीट करने में करते थे। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह राहगीरों को निशाना बनाकर पहले उनके साथ मारपीट करता था और फिर उनसे नकदी व कीमती गहने लूटकर फरार हो जाता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के सदस्य पकड़े जाने से पहले भी किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है तथा उनके पीछे कोई अन्य नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस ने साफ किया है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।