चंडीगढ़। महिला कोच से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री व भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को बड़ा झटका लगा है। इस मामले को अब ट्रांसफर कर सीजेएम (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) कोर्ट में भेज दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को होगी।
जानकारी के अनुसार महिला कोच की ओर से केस ट्रांसफर करने को लेकर याचिका दायर की गई थी, जिस पर चंडीगढ़ जिला एवं सत्र न्यायाधीश एचएस ग्रेवाल की अदालत ने सुनवाई करते हुए इसे स्वीकार कर लिया। इसके बाद केस को संबंधित अदालत से हटाकर सीजेएम कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है।
महिला कोच ने याचिका में आरोप लगाया था कि वर्तमान न्यायाधीश उनके प्रति पक्षपाती रवैया अपना रहे हैं। कोच का कहना था कि उन्हें केस से जुड़ी फाइल देखने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे उन्हें अपनी कानूनी तैयारी में परेशानी हो रही है।
इसके साथ ही कोच ने यह भी दावा किया कि उन्हें सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दिए गए अपने बयान की कॉपी या उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने न्याय के हित में मामले को किसी अन्य न्यायाधीश के पास ट्रांसफर करने की मांग की थी।
कोर्ट द्वारा याचिका स्वीकार किए जाने के बाद अब यह मामला सीजेएम कोर्ट में चलेगा। 19 फरवरी को होने वाली सुनवाई में आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
गौरतलब है कि महिला कोच ने पूर्व मंत्री संदीप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा। अब केस ट्रांसफर होने से इस मामले में नई कानूनी दिशा तय होने की संभावना जताई जा रही है।