करनाल। सुभरी गांव स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाले 8वीं कक्षा के छात्र हिमांशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हिमांशु स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दो छात्र आपस में दौड़ लगा रहे थे। इसी दौरान हिमांशु दौड़ते हुए अचानक गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल प्रबंधन से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया गया है कि छात्र के परिजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, हालांकि फिलहाल वे दिल्ली में रह रहे हैं। स्कूल की ओर से परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
स्कूल सोसाइटी अध्यक्ष विनोद कुमार ने दावा किया कि पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने कहा कि छात्र को चोट खुद गिरने से लगी है और किसी ने उसे धक्का नहीं दिया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि परिजनों को सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई जाएगी ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल छात्र की मौत को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।