भिवानी | भिवानी जिले के बहल थाना क्षेत्र के रोढ़ा गांव की एक महिला ने अपनी बेटी के लापता होने और बंधक बनाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से उसकी जल्द बरामदगी की मांग की है। महिला ने संदेह अपनी बेटी के पति पर जताया है, जो भारतीय सेना में तैनात बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोढ़ा गांव निवासी सुशीला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मन्नत की शादी 28 मई 2025 को सेहर गांव निवासी अतुल के साथ हुई थी। अतुल भारतीय सेना में श्रीगंगानगर में तैनात है और शादी के बाद दोनों सेना के क्वार्टर में रह रहे थे।
महिला का आरोप है कि उन्होंने आखिरी बार 26 जनवरी 2026 को बेटी से फोन पर बात की थी। इसके बाद से मन्नत का मोबाइल फोन बंद है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच परिवार को एक वीडियो क्लिप मिली, जिसमें एक महिला कार में रील बनाती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी सीट पर एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी नजर आ रही है। परिजनों का दावा है कि वीडियो में दिख रही युवती उनकी बेटी मन्नत है, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
सुशीला देवी ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को दामाद अतुल ने फोन कर कहा था कि मन्नत सुरक्षित है। वहीं, सेना अधिकारियों को दी गई जानकारी में यह दावा किया गया कि मन्नत अमेरिका चली गई है। दोनों बयानों में विरोधाभास होने के कारण परिजनों को आशंका है कि मन्नत को जबरन बंधक बनाया गया है या उसके साथ कोई अनहोनी हुई है।
बहल थाना प्रभारी संजय ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए वीडियो क्लिप की फोरेंसिक जांच, आरोपी से पूछताछ और सेना अधिकारियों से संपर्क सहित सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मन्नत की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।