हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर में आगामी बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मार्च माह में होने वाली हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए उपनिदेशक कार्यालय ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे कमजोर तथा मेधावी छात्रों के लिए विशेष रिमेडियल एवं अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करें, ताकि परीक्षा से पहले उनकी शंकाओं का समाधान किया जा सके और आत्मविश्वास बढ़ाया जा सके। विभाग का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर बनाना और बोर्ड मेरिट सूची में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
उपनिदेशक (एलिमेंट्री) कमल किशोर भारती ने बताया कि फरवरी माह में ही सभी स्कूलों को विस्तृत गाइडलाइन भेज दी गई थी। स्कूल प्रमुखों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिभावकों को इस पहल की जानकारी दें और छात्रों की प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखें।उन्होंने उम्मीद जताई कि इन विशेष कक्षाओं से न केवल कमजोर छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि मेधावी छात्र भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर स्थान हासिल करेंगे.