लातूर। महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक कॉलेज परिसर में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार शाम औसा रोड स्थित कॉलेज परिसर में हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाले डिप्लोमा कोर्स के तीसरे वर्ष के छात्रों के दो समूहों के बीच निजी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई और फिर चाकूबाजी हो गई।
इस दौरान विक्रम नारायण पांचाल (20) नामक छात्र पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, झड़प में घायल हुए तीन अन्य छात्रों को भी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और निजी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, लातूर के कांग्रेस विधायक अमित देशमुख ने पुलिस से शहर में बढ़ते अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।