यमुनानगर | यमुनानगर जिले की बुढ़िया नहर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो सगे भाई अपने पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भगवानगढ़ गांव के 19 वर्षीय आर्यन और 24 वर्षीय उदय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाई शाम के समय नहर पर पूजा सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे। इसी दौरान आर्यन का पैर फिसला और वह तेज बहाव में नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए उदय भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों बहाव में फंसकर गहराई में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़िया चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से खोज शुरू की।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाई लापरवाही की आलोचना
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह नहर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बनाई गई है। न तो किनारे रेलिंग है और न चेतावनी बोर्ड, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए नहर किनारे सुरक्षा प्रबंध किए जाएं।
इस हादसे के बाद भगवानगढ़ गांव में गहरा शोक है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।