लेबनान । लेबनान के पूर्वी बेका घाटी में इजराइल के हमले में 12 लोग मारे गए और 24 घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। दिनभर में हुए हमलों में पहले एक फलस्तीनी शरणार्थी शिविर पर हमले में दो और लोग मारे गए थे। यह जानकारी लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी।
इजराइल ने दावा किया है कि बेका घाटी में हमला उसने हिजबुल्ला के कमान केंद्रों पर किया, हालांकि हिजबुल्ला ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। स्थानीय टीवी चैनलों ने घटनास्थल के वीडियो प्रसारित किए, जिनमें आपातकालीन दल आग बुझाने और मलबे में फंसे लोगों को बचाने में जुटे दिखाई दिए।
इससे पहले इजराइल ने सिडोन स्थित एक फलस्तीनी शरणार्थी शिविर पर भी हमला किया, जिसमें दो लोग मारे गए। इजराइली सेना ने कहा कि हमला ऐन अल-हिलवे शिविर में स्थित हमास के कमान केंद्र पर किया गया।
हमास ने हमले में अपने दो सदस्यों की मौत की पुष्टि की, लेकिन कमान केंद्र पर हमले के दावे को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जिस इमारत को निशाना बनाया गया, वह शिविर में सुरक्षा बनाए रखने वाले विभिन्न फलस्तीनी गुटों की थी। इस घटना ने बेका घाटी और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बढ़ा दिया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता भी बढ़ गई है।