रेवाड़ी | रेवाड़ी के गांव डहीना स्थित ढाणी ठेठरबाढ़ में पंचायत भूमि को लेकर विवाद उस समय गंभीर रूप ले गया, जब एक व्यक्ति ने अपनी डेढ़ साल की पोती को जेसीबी मशीन के सामने फेंक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी और डर का माहौल देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत द्वारा होली चौक स्थित पंचायती भूमि को समतल करने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई थी। यह भूमि पहले ही अतिक्रमण मुक्त कराई जा चुकी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति काम में बाधा डालने के लिए पहुंचा और विवाद के दौरान उसने मासूम पोती को जेसीबी के सामने फेंक दिया। घटना से मौके पर मौजूद लोग सकते में आ गए।
सरपंच प्रतिनिधि ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से ढाणी ठेठरबाढ़ गांव में होली चौक स्थित पंचायती भूमि से वर्षों पुराने अवैध कब्जे को हटाया गया था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रारंभ में कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।
बताया गया है कि होली चौक पर माता मंदिर के पास यह भूमि लंबे समय से दो व्यक्तियों के कब्जे में थी, जिससे आमजन का आवागमन और पूजा-अर्चना बाधित हो रही थी। प्रशासन को पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं, जिनके आधार पर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, पुलिस अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे। प्रशासन ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती गई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। इस घटना ने ग्रामीणों और सोशल मीडिया पर भारी चिंता पैदा कर दी है और मामले की जांच तेजी से जारी है।