बिलासपुर, सुभाष-:बिलासपुर में ग्रामीण भाखड़ा विस्थापित समिति के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार रोष रैली निकाली। रैली की शुरुआत लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर से हुई और शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
समिति के अध्यक्ष देश राज शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में भाखड़ा बांध से प्रभावित परिवारों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से पुनर्वास, मुआवजा और भूमि अधिकारों से जुड़े मुद्दे लंबित पड़े हैं, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने मांग की कि भाकड़ा डैम से प्रभावित लोगों को भी पोंग डैम विस्थापितों की तर्ज पर समान सुविधाएं और अधिकार दिए जाएं।रैली के समापन पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में समिति पदाधिकारियों ने प्रदेश व केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुनर्वास नीति की समीक्षा, उचित मुआवजा, भूमि आवंटन, बुनियादी सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भाखड़ा विस्थापितों के साथ वर्षों से भेदभाव हो रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष देश राज शर्मा ने कहा कि फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित सरकारों की होगी।रैली के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन विस्थापितों की नाराजगी और आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।