गुरदासपुर। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गांव आदियां की पुलिस पोस्ट पर तैनात ए.एस.आई. गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार की हत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। घटना की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नामक संगठन ने ली है, जिसके बाद लॉरैंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर आतंकियों को खुली धमकी दी है।
गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने पोस्ट में लिखा कि “हमारे देश के दो काबिल और ईमानदार पुलिसकर्मी आतंकवादियों ने शहीद कर दिए। इसका बदला खून से लेंगे। तुमने 2 शहीद किए, हम 10 मारेंगे। देशद्रोहियों और आतंकियों का साथ देने वाले गैंगस्टर्स का गला काटेंगे। सैनिकों और प्रशासन का विरोध करने वालों की आंखें निकालेंगे।”
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान का डॉन शहजाद भट्टी ए.एस.आई. गुरनाम सिंह को गोली मारते हुए दिखाया गया है। शहजाद भट्टी पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी ISI से जुड़ा हुआ बताया जाता है। पुलिस ने अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं की है और इसे संभावित प्रोपेगैंडा करार दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भारत में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नामक संगठन का अस्तित्व नहीं है और यह केवल पाकिस्तान की ओर से फैलाया गया प्रचार हो सकता है। वहीं, लॉरैंस बिश्नोई गैंग द्वारा की गई धमकी ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए सीमा सुरक्षा और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान और पकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।