हिसार। हरियाणा के हिसार शहर के सेक्टर-14 स्थित एक प्रतिष्ठित सुपर स्पेशलिटी निजी अस्पताल में बुधवार तड़के आयकर विभाग और वस्तु एवं सेवा कर विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। सुबह लगभग छह बजे अधिकारियों की टीम अस्पताल परिसर में पहुंची और दस्तावेजों की जांच आरंभ कर दी।
सूत्रों के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने अस्पताल के लेखा विभाग, बिलिंग काउंटर और प्रशासनिक शाखा में मौजूद अभिलेखों को अपने कब्जे में लेकर उनकी गहन पड़ताल शुरू की। अस्पताल में होने वाले वित्तीय लेन-देन, कर भुगतान से जुड़े दस्तावेजों और आय-व्यय के विवरण की बारीकी से जांच की जा रही है। टीम द्वारा संबंधित कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह अस्पताल लगभग 500 बिस्तरों की क्षमता वाला शहर का एक प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है, जहां आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस अस्पताल का उद्घाटन हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा किया गया था और वे पूर्व में यहां का दौरा भी कर चुके हैं।
छापेमारी के दौरान अस्पताल की सामान्य चिकित्सा सेवाएं जारी रहीं, हालांकि प्रशासनिक गतिविधियों पर असर देखा गया। विभागीय अधिकारी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के आधार पर रिकॉर्ड का मिलान कर रहे हैं। फिलहाल संबंधित विभागों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।