गुरुग्राम | गुरुग्राम पुलिस ने बिलासपुर थाना क्षेत्र में पचगांव KMP टोल प्लाजा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 600 पेटी अवैध शराब जब्त की है। शराब को प्लास्टिक के दानों से भरे बैगों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सोनीपत से पलवल की ओर एक ट्रक में अवैध शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर KMP टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर UP 38 AT 6816 नंबर के ट्रक को रोका गया। चालक की पहचान नूंह जिले के सिंगार गांव निवासी जावेद के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने ट्रक में प्लास्टिक के दानेदार बैग होने की बात कही और स्टार एंटरप्राइजेज के नाम का बिल भी दिखाया। हालांकि तलाशी लेने पर ऊपर प्लास्टिक के बैग और नीचे शराब की पेटियां बरामद हुईं। चालक शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
जांच में ट्रक से 516 पेटी विदेशी शराब और 40 पेटी बीयर बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। आरोपी चालक को रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब किसने भेजी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।