पलवल | पलवल क्राइम ब्रांच ने ट्रक चालक से देसी पिस्तौल के बल पर लूटपाट के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हथीन मोड़ से काबू किया और उससे नकदी व लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी को पहचान परेड (TIP) प्रक्रिया के चलते फिलहाल नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके दौरान 2,500 रुपये और चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मामला 26 जनवरी 2026 को दर्ज हुआ था। गांव अनुना, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी ट्रक चालक हरेंद्र ने चांदहट थाने में शिकायत दी थी कि 30 दिसंबर 2025 को वह नोएडा से बिलासपुर (गुरुग्राम) खाली गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था। वह केजीपी रोड स्थित अमरपुर फ्लाईओवर के पास शौच के लिए रुका। तभी दो अज्ञात युवक देसी पिस्तौल लेकर उसके पास पहुंचे और बंदूक की नोक पर उसका रेडमी मोबाइल फोन और 5,000 रुपये लूट लिए।
आरोपियों ने चालक से उसका फोनपे पासवर्ड भी पूछ लिया और उसके खाते से 3,200 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
डीएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ यह पहला आपराधिक मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।