हैदराबाद | हैदराबाद में 21 वर्षीय युवा यूट्यूबर बोनू कोमाली ने ब्रेकअप के बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। मौत से कुछ घंटे पहले उन्होंने कुवैत में काम कर रही अपनी मां को मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, “आई लव यू मम्मी सो मच। छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखना।” इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। चिंता में मां ने तुरंत दोस्त को सूचना दी, और दोपहर में फ्लैट खोलने पर कोमाली को छत के पंखे से लटके हुए पाया गया।
कोमाली आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली थी और पिछले 11 महीनों से हैदराबाद में अकेले रह रही थी। वह प्राइवेट कॉलेज में बीएससी कर रही थी और पार्ट टाइम यूट्यूब पर लाइफस्टाइल और पर्सनल वीडियो बनाती थी। बाहर से उनकी जिंदगी सामान्य दिखती थी, लेकिन अंदर से वह गहरे मानसिक दबाव और अकेलेपन का सामना कर रही थीं।
पुलिस ने शुरुआती जांच में यह पाया कि कोमाली पिछले तीन साल से एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिलेशनशिप में थीं। हाल ही में ब्रेकअप होने के कारण भावनात्मक दबाव में आईं कोमाली ने यह दुखद कदम उठाया। छह महीने पहले भी उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसे परिवार ने रोक लिया था।
रैदुर्गम पुलिस के अनुसार, मामले को संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम ओस्मानिया जनरल हॉस्पिटल में किया जा रहा है, और पुलिस फोन रिकॉर्ड, मैसेज, दोस्तों और रिश्तेदारों के बयान तथा डिजिटल सबूत इकट्ठा कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य की समस्या गंभीर हो सकती है और ऐसे मामलों में तुरंत हेल्पलाइन या विशेषज्ञ से संपर्क करना आवश्यक है।