कुरुक्षेत्र | सतौड़ा गांव में भारी दुख का माहौल बन गया, जब भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने जर्मनी से आए गुरदीप सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गुरदीप का बड़ा भाई और गांव के सरपंच सुरजीत सिंह का निधन हो गया था, जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह विदेश से लौटे थे।
गुरदीप सिंह कई वर्षों से जर्मनी में काम कर रहे थे। बड़े भाई के निधन की खबर मिलते ही वह तुरंत भारत के लिए रवाना हुए ताकि अंतिम संस्कार में भाग ले सकें।
संस्कार की सभी रस्में पूरी करने के बाद गुरदीप अपनी ससुराल पंजाब के देवीगढ़ क्षेत्र के नियामतपुर गांव से कार लेने निकले। लौटते समय जलबेहड़ा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल गुरदीप को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में सवार दूसरा व्यक्ति सुरक्षित रहा।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बड़े भाई के निधन के सदमे में डूबा परिवार अब छोटे भाई की असामयिक मौत से पूरी तरह टूट गया। कुछ ही घंटों में दो सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और थाना इस्माईलाबाद ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।