लुधियाना | पंजाब सरकार की ओर से राज्यभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न शहरों में लगातार सर्च ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इसी बीच लुधियाना जेल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तलाशी अभियान के दौरान दो हवालातियों के पास से नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन द्वारा की गई नियमित तलाशी के दौरान दो बंदियों के कब्जे से 28 ग्राम काले रंग का संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में सहायक सुपरिटेंडेंट मेला सिंह की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुलाब सिंह और राजन सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद नशीला पदार्थ अंदर कैसे पहुंचा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को भी खंगाला जा रहा है।