रोहतक । सुंडाना गांव में जमीन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दस से अधिक लोग एक ही परिवार के चार सदस्यों पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे प्रदीप (38), उनकी पत्नी सुषमा, मां मूर्ति देवी और भाई दलजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल प्रदीप ने बताया कि उनके पिता दलजीत सिंह के हिस्से में छह एकड़ जमीन है। जमीन के बंटवारे को लेकर गांव के दिलावर, श्रीभगवान, सज्जन, नसीब और अन्य के साथ विवाद कई सालों से चल रहा है। मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है।
घटना स्थल पर परिवार खेत जा रहा था, तभी आरोपियों ने हमला किया। सूचना मिलने पर प्रदीप के पिता दलजीत पर भी हमला किया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रदीप ने बताया कि सज्जन के मकान के पास लगभग एक कनाल का प्लॉट है, जिसका मामला वे सेशन कोर्ट, रोहतक में जीत चुके हैं। आरोपियों ने प्लॉट पर कब्जा करने के लिए रोड़ी और क्रशर डाल रखा था। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।