जींद | जींद जिले से गुजर रहे 152-डी नेशनल हाईवे पर बनिया खेड़ा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव कंडेला निवासी रजनीश ने शिकायत दी है कि वह पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। वह अपने साथियों 39 वर्षीय मनमोहन निवासी सीसवाल (हिसार), 25 वर्षीय कर्ण मेहरा निवासी नैनीताल (उत्तराखंड) और आकाश निवासी भैंसा (चंदौली, उत्तर प्रदेश) के साथ क्रेटा कार में दिल्ली जा रहा था।
जब उनकी कार जींद जिले के पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में 152-डी नेशनल हाईवे पर बनिया खेड़ा के पास जम्मू-कटरा टोल प्लाजा के नजदीक पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। तेज गति होने के कारण कार चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कार सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से घायलों को नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनमोहन और कर्ण मेहरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रजनीश और आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी संजीत कुमार के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।