मानसा | मानसा जिले के सरदूलगढ़ क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक का पड़ोसी ही आरोपी निकला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी 2026 को सरदूलगढ़ के शैलर रोड स्थित एक फार्महाउस में जसवीर सिंह उर्फ काका (पुत्र रमेश कुमार) निवासी सरदूलगढ़ और उसके माली बलदेव सिंह (पुत्र तेजा सिंह) निवासी मीरपुर खुर्द की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सरदूलगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अशोक कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की। वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच के आधार पर पुलिस ने 4 मार्च 2026 को गुरप्रीत सिंह उर्फ न्युल्ला (35) निवासी सरदूलगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता घोना सिंह अक्सर मृतक जसवीर सिंह के पास जाया करते थे। कुछ समय बाद उसके पिता की मौत हो गई, जिसके बाद गुरप्रीत को शक हो गया कि जसवीर सिंह ने उसके पिता को चाय में जहर मिलाकर पिला दिया था। आरोपी को यह भी संदेह था कि उसके पालतू कुत्ते की मौत भी जहर देने के कारण हुई और इसके लिए वह जसवीर सिंह को ही जिम्मेदार मानता था।
इसी शक के चलते आरोपी ने मौका देखकर फार्महाउस में जसवीर सिंह और माली बलदेव सिंह की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।