पानीपत। होली के जश्न के बीच शहर में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। होली खेलने के बाद दिल्ली पैरलल नहर में नहाने उतरा 18 वर्षीय युवक अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में समा गया और तेज बहाव के साथ बह गया। घटना के बाद से पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू शांति नगर निवासी सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बुआ का बेटा कर्ण (18) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला था। वह करीब तीन माह पहले पानीपत आया था और रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। होली खेलने के बाद कर्ण अपने चचेरे भाई धनीराम (14) के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर नहाने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर किनारे नहाते समय अचानक कर्ण का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया। उस समय नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। खुद को संभालने से पहले ही वह धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। साथ मौजूद धनीराम ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक लहरों में ओझल हो चुका था।
सूचना मिलते ही थाना पुराना औद्योगिक पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक कई किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की गई, मगर सफलता नहीं मिली। एहतियातन आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि युवक के संबंध में कोई सूचना मिलते ही कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के मुताबिक कर्ण का रंग गेहूंआ, चेहरा गोल और कद करीब 5 फुट 3 इंच है। वह सातवीं कक्षा तक शिक्षित है। घटना के समय उसने सफेद टी-शर्ट और नीले रंग का लोअर पहना हुआ था। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल थाना पुराना औद्योगिक से संपर्क करें।
हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। होली की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। प्रशासनिक टीमें लगातार नहर में तलाश अभियान चला रही हैं और युवक की खोज जारी है।