Summer Express, चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही चिराग योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस योजना के लिए आवेदन 13 मार्च से शुरू होंगे और इच्छुक अभिभावक 30 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त कर सकें।
सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिन परिवारों की फैमिली आईडी में वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम दर्ज है, उनके बच्चे भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे। पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर निजी स्कूलों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए अभिभावकों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।