Summer Express, कालपी | कालपी में हुए चर्चित जय दलाल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि ,गांव कालपी में भैंस चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने जय दलाल पर जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस जघन्य वारदात के बाद से ही सीआईए की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार, मुलाना क्षेत्र में सीआईए-1 की टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे हथियार दिखाकर मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
भागते हुए आरोपी मारकंडा फ्लाईओवर के आगे झाड़ू माजरा की ओर कच्चे रास्ते पर पहुंच गए। खुद को घिरा देख उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर और टांग में गोली लग गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कालपी में हुई हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी पहचान उस्मान और फरियाद के रूप में हुई है।
घायल आरोपियों को पहले मुलाना नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।