Summer Express, गुरुग्राम | गुरुग्राम की एक रिहायशी सोसाइटी में रखरखाव शुल्क (मेंटेनेंस) न चुकाने वाले निवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उप्पल साउथ एंड कॉलोनी की आरडब्ल्यूए ने बकाया राशि नहीं देने वाले घरों के लिए होम डिलीवरी सेवाओं पर रोक लगा दी है।
आरडब्ल्यूए के निर्देशों के अनुसार, डिफॉल्टर घरों तक अब डिलीवरी ब्वॉय को जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे निवासियों को अपना सामान कॉलोनी के गेट नंबर-1 से ही प्राप्त करना होगा। इसके साथ ही, घरेलू सहायकों और कार क्लीनर को भी सीधे घरों तक जाने की अनुमति नहीं होगी—उन्हें गेट से ही अंदर लाना होगा।
जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी के डब्ल्यू और एस ब्लॉक में करीब 1000 परिवार रहते हैं। इनमें से लगभग 220 घरों पर करीब 40 लाख रुपये का मेंटेनेंस बकाया था। आरडब्ल्यूए ने डिफॉल्टर घरों की सूची गेट पर सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दी है और साफ किया है कि भुगतान होने तक पाबंदियां जारी रहेंगी।
इस सख्ती के बाद अब तक करीब 10 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। जिन लोगों ने बकाया जमा कर दिया है, उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कर्नल सुरेंद्र सिंह के अनुसार, सोसाइटी में सुरक्षा, सफाई, पानी की आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और सीवर जैसी सुविधाओं के लिए हर घर से 1200 रुपये मासिक शुल्क लिया जाता है। कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
आरडब्ल्यूए ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो नियम और अधिक सख्त किए जा सकते हैं।