Summer Express, चंडीगढ़ | पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कई जिलों में आज से मौसम के बदले हुए मिजाज देखने को मिल रहे हैं और आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और पटियाला के कुछ क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 18, 19 और 21 मार्च को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
लुधियाना, जालंधर और पठानकोट में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जबकि चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से पंजाब के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
पिछले दो दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड ने एक बार फिर वापसी कर ली है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। वहीं, पिछले दो दिनों में कुल मिलाकर तापमान में लगभग 7.6 डिग्री की गिरावट आई है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि इसके बाद फिर से 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।