Summer express,शिमला | हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी भारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार को थम गया। पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने से धूप खिली और अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, रविवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं सोमवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके तहत कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 24 और 25 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जिससे जनजीवन सुचारू रहेगा। हालांकि 26 मार्च से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
शनिवार को धूप खिलने से सड़कों पर जमी बर्फ पिघलने लगी और कई बंद पड़े संपर्क मार्गों को खोलने में तेजी आई। शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन केंद्रों में पर्यटकों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया। स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई और किसान-बागवान अपने खेतों और बागानों में काम में व्यस्त हो गए।