Summer express, सोनीपत | देश में घरेलू गैस की कमी के बीच ब्लैकमार्केटर सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में कुंडली थाना क्षेत्र में एक किराने की दुकान से खाली और भरे हुए 20 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री फ्लाइंग की टीम ने गुप्त कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापेमारी की। खुफिया विभाग को मिली जानकारी के अनुसार, दुकान पर घरेलू गैस के सिलेंडर अवैध तरीके से बेचे जा रहे थे।
निरीक्षक बजिंदर सिंह, सहायक निरीक्षक राजेश सरोहा और सहायक उप-निरीक्षक सुरेंद्र लाकड़ा की टीम ने प्याऊ मनियारी रोड, गली नंबर तीन में स्थित सुभाष की किराने की दुकान पर कार्रवाई की।
टीम ने दुकान और उसके पास खड़े टेंपो में रखे कुल 20 सिलेंडर जब्त किए, जिनमें से छह भरे हुए थे। बड़ी मात्रा में सिलेंडर मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी प्रवीण कुमार को मौके पर बुलाया गया।
इस मामले में दुकानदार के खिलाफ खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से घरेलू गैस की अवैध बिक्री पर अंकुश लगेगा और आम जनता को परेशानी से राहत मिलेगी।