Summer Express,हिसार। जिले के नारनौंद क्षेत्र में मनचलों की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की, जिसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में हांसी के एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार, गांव के कुछ युवक छात्रा को स्कूल आते-जाते समय परेशान करते थे और उस पर जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते थे। इनकार करने पर आरोपी उसे धमकियां भी देते थे। छात्रा ने इस पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी थी, जिसके बाद परिवार ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।
बताया गया कि जब छात्रा के भाई ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की तो उनके बीच विवाद हो गया और आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई कर दी। इसके बाद उसी दिन गांव के खेल स्टेडियम में भी आरोपियों और उनके साथियों ने मिलकर छात्रा के भाई के साथ मारपीट की। इन घटनाओं से मानसिक रूप से परेशान होकर छात्रा ने घर में चुन्नी से फंदा लगा लिया।
घटना के समय परिजनों ने उसे देख लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान साहिल और रॉबिन के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी हरदीप और मद्दू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की जांच जारी है और बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।