Summer express,जलपाईगुड़ी | पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं। सभी के पास से नकली आधार कार्ड और विदेशी मुद्रा बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पर RPF ने विशेष सूचना के आधार पर जांच अभियान चलाया था। इस दौरान ट्रेन में संदिग्ध रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें 5 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल पाए गए। जांच में सामने आया कि ये सभी बांग्लादेश के नागरिक हैं।
तलाशी के दौरान उनके पास से फर्जी आधार कार्ड और मलेशियाई करेंसी भी मिली है। प्रारंभिक पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे काम की तलाश में कश्मीर जा रहे थे। हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि वे भारत के जरिए बुल्गारिया जाने के लिए मेडिकल वीजा हासिल करने की कोशिश में थे।
RPF के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी। पकड़े गए सभी लोगों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने अवैध प्रवासियों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही आउटर डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल ने भी क्षेत्र में अवैध प्रवासन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जा सके।