बहादुरगढ़ नगर परिषद ने बकायेदारों पर कसा शिकंजा, नोटिस जारी

Karuna
2 Min Read
Summer Express - बहादुरगढ़ नगर परिषद ने बकायेदारों पर कसा शिकंजा, नोटिस जारी

Summer express,बहादुरगढ़ |बहादुरगढ़ नगर परिषद ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए एक बार फिर व्यापक अभियान शुरू किया है। इस बार प्रशासन ने बकायेदारों को उनकी देनदारी के आधार पर दो श्रेणियों में विभाजित किया है। पहली श्रेणी में 5 लाख रुपये से अधिक बकाया वाले 263 खाताधारकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें कई बड़ी औद्योगिक इकाइयाँ और कुछ सरकारी विभाग भी शामिल बताए जा रहे हैं। इनसे कुल मिलाकर 38 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की जानी है।

इसके अलावा, 2 लाख रुपये से अधिक बकाया वाले करीब 1900 अन्य बकायेदारों की भी पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही नोटिस भेजे जाएंगे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला के अनुसार, दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल लगभग 70 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि पहले भी बकायेदारों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इस बार कार्रवाई अधिक सख्त होगी। नोटिस मिलने के बाद यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं किया गया, तो संबंधित भवनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

दरअसल, नगर परिषद लंबे समय से बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यावसायिक परिसरों और सरकारी संस्थानों से बकाया टैक्स वसूलने के प्रयास कर रही है, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए थे। हाल ही में झज्जर जिले में नए डीएमसी अभिनव सिवाच की नियुक्ति के बाद प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को तेज और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद प्रशासन अब सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले भवनों पर कार्रवाई की तैयारी में है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *