Summer express/मंडी :धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत बरच्छवाड़ में आयोजित सात दिवसीय नलवाड़ मेले के समापन अवसर पर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन को रविंद्रनाथ टैगोर महाविद्यालय, सरकाघाट से डीएसपी संजीव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस आयोजन में अंडर-14 से लेकर बुजुर्ग वर्ग तक के करीब 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ‘चिट्टे’ जैसे घातक नशे के खिलाफ समाज को संदेश दिया।समापन समारोह में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सफल आयोजन के लिए प्रशासन और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि बदलते समय के साथ नलवाड़ मेलों का स्वरूप भले बदला हो, लेकिन प्रदेश सरकार पशुपालकों के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार द्वारा गाय और भैंस के दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने विजेताओं को क्रमशः 5100, 3100 और 1100 रुपये के नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया, साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।