Summer Express, लुधियाना | लुधियाना के साहनेवाल क्षेत्र में उमेदपुर बस स्टैंड के पास एक निजी बस चालक की कथित लापरवाही के चलते 15 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कमलप्रीत कौर रोजाना की तरह कंप्यूटर कोर्स करने के बाद घर लौट रही थी। जब वह उमेदपुर बस स्टैंड के पास बस से उतरने की तैयारी कर रही थी, तभी बस चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दी। इससे बस के झटके के कारण छात्रा संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने रुकने या मदद करने के बजाय बस सहित मौके से फरार हो गया। घायल छात्रा को परिजनों द्वारा तुरंत सिविल अस्पताल साहनेवाल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस मामले में पीड़िता के पिता गुरमीत सिंह के बयान के आधार पर थाना साहनेवाल पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।