चंबा,मंजूर पठान -: जिला चंबा के ग्रामीण इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने अपनी गतिविधियों को और तेज़ कर दिया है। यह जानकारी जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने साझा की।उन्होंने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध गांवों को पर्यटन से जोड़ना है, ताकि इन क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान मिल सके। इससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ ग्रामीण लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
राजीव मिश्रा ने बताया कि विभाग द्वारा होम-स्टे योजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।उन्होंने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्राकृतिक स्थलों, ट्रैकिंग रूट्स और धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी आग्रह किया कि वे पर्यटन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने क्षेत्र की खासियतों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।