ऊना , राकेश -: हिमाचल प्रदेश के ऊना में हिमाचल पथ परिवहन पेंशन कल्याण संगठन के सदस्यों ने एकत्रित होकर अपनी लंबित वित्तीय मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। मासिक बैठक के दौरान सेवानिवृत्त पेंशनरों ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
बैठक में संगठन के सदस्यों ने बताया कि हर महीने की तरह इस बार भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेंशन, मेडिकल बिल और अन्य वित्तीय लाभों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि समय पर पेंशन न मिलना और मेडिकल बिलों का भुगतान न होना उनके लिए गंभीर समस्या बन चुका है। कई पेंशनरों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है और कुछ साथियों का निधन भी हो चुका है, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है।संगठन के प्रधान किशोरी लाल ने कहा कि लंबे समय से एरियर का भुगतान नहीं किया गया है और पेंशन संशोधन की प्रक्रिया भी बेहद धीमी गति से चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 16 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) देने में भी देरी कर रही है, जबकि अन्य आयोजनों और कार्यक्रमों पर खर्च किया जा रहा है।
पेंशनरों ने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।संगठन ने संकेत दिए कि राज्य स्तर पर जल्द ही एक नई रणनीति तैयार की जाएगी, जिसके तहत बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा सकते हैं।