Summer express, नई दिल्ली | ऑनलाइन सट्टेबाजी के चर्चित नेटवर्क “महादेव एप” को लेकर एक बार फिर बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बचने के लिए इस सट्टा सिंडिकेट ने अपने नाम की स्पेलिंग में मामूली बदलाव कर इसे नए रूप में फिर से सक्रिय कर दिया है। अब यह नेटवर्क “Mahadev” की जगह “Mahaadev” नाम से संचालित किया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह सट्टा प्लेटफॉर्म आईपीएल मैचों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के चुनावों पर भी दांव लगवा रहा है। क्रिकेट मैचों के दौरान ओवर, रन, विकेट जैसे विभिन्न पहलुओं पर सट्टा लगाया जा रहा है, वहीं राजनीतिक घटनाओं और चुनाव परिणामों पर भी ऑनलाइन बेटिंग की जा रही है।
इस पूरे नेटवर्क को छत्तीसगढ़ के दो आरोपितों के जरिए दुबई से संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक, प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल पिछले कुछ समय से विदेश से इस पूरे सिंडिकेट को चला रहे हैं और पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में इस नेटवर्क पर लगभग 6,000 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच के बाद कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद यह गिरोह अब नए नाम और तरीकों के साथ फिर से सक्रिय हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस प्लेटफॉर्म पर सट्टे की रकम आमतौर पर 100 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक होती है। वर्ष 2025 में ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध के बावजूद यह नेटवर्क अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है।
जांच एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, हाल के समय में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने सट्टेबाजी से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की है और बड़ी मात्रा में नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संपत्ति भी जब्त की गई है।
इसके बावजूद यह नेटवर्क अलग-अलग तरीकों से अपनी पहचान बदलकर लोगों को ठगने का काम जारी रखे हुए है, जिससे साइबर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।