धर्मशाला , राहुल -:जिला कांगड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार खराब हो रहे मौसम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। धौलाधार पर्वतमाला में इन दिनों भारी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, जिससे ट्रैकिंग रूट्स पर खतरा बढ़ गया है।
पुलिस के अनुसार, बीड़, मैक्लोडगंज, पालमपुर और धर्मशाला जैसे लोकप्रिय पर्यटन और ट्रैकिंग स्थलों पर मौसम अस्थिर बना हुआ है। खासतौर पर त्रियुंड, करेरी लेक और हिमानी चामुंडा जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण रास्ते फिसलन भरे और जोखिमपूर्ण हो गए हैं।एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि कई पर्यटक खराब मौसम के बावजूद ट्रैकिंग के लिए निकल रहे हैं, जो उनके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी ट्रैक पर जाने से पहले मौसम की सटीक जानकारी जरूर लें और बिना स्थानीय गाइड के आगे न बढ़ें।इसके अलावा, ट्रैकर्स को जरूरी सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त सामान साथ रखने की भी हिदायत दी गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।