धर्मशाला , राहुल -:पालमपुर के भवारना थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी थुरल के पास बैरघट्टा में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक काले रंग की थार गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने एक चलती वोल्वो (REO) बस को रोककर चालक, परिचालक और अन्य लोगों पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चाकू से वार किए और साथ ही पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग भी की। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी भयभीत हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी थुरल और थाना भवारना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल पहुंचाया गया। घायलों में सुन्दर सिंह (27) निवासी मंडी, राज कुमार निवासी कांगड़ा, विजय कुमार (38) निवासी मंडी और प्रवेश कुमार (35) निवासी कांगड़ा शामिल हैं। इनमें से दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।इस मामले में बस परिचालक अविनाश निवासी चंबा के बयान पर भवारना थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—बलविंदर सिंह, निशान पाल और अलीश—को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी, चाकू और पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।