Summer express,फतेहाबाद | जिले के एमपी रोही गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में देर शाम धार्मिक मर्यादा भंग करने की कोशिश का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, एक युवक शराब की बोतल और गिलास के साथ गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुआ और अंदर पहुंचकर बेअदबी का प्रयास किया।
आरोप है कि युवक ने दरबार साहिब में मौजूद रुमाला साहिब के साथ छेड़छाड़ की और इसके बाद सचखंड साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाने की कोशिश की। इस दौरान मौजूद सेवादारों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत आरोपी को काबू कर लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी एमपी रोही के रूप में हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरनाम सिंह के अनुसार, आरोपी गुरुद्वारा में प्रवेश के समय शराब के नशे में था और उसके हाथ में शराब की बोतल व गिलास भी मौजूद थे, जिससे सेवादारों को उस पर संदेह हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंगे सिर गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुआ, जिससे धार्मिक नियमों का उल्लंघन हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी घटना गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।