Summer Express गुरुग्राम | गुरुग्राम के फरुखनगर क्षेत्र में बस क्यू शेल्टर गायब या क्षतिग्रस्त पाए जाने से हड़कंप मच गया है। कई स्थानों पर लगाए गए लाखों रुपये के बस शेल्टर या तो उखाड़ दिए गए हैं या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़े मिले हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को बड़ा नुकसान हुआ है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चांदनगर मोड़ पर लगाया गया बस क्यू शेल्टर श्मशान घाट के पास कूड़े में पड़ा मिला, जो स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए धूप व बारिश से बचने का एकमात्र सहारा था। इसके गायब होने के बाद अब यात्रियों को खुले में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शेल्टर के लोहे के ढांचे को भी नुकसान पहुंचाया गया है और उसका सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि पहले भी क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
फाजिलपुर मोड़ पर भी बस क्यू शेल्टर हटाए जाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे सरकारी संपत्ति लगातार नुकसान का शिकार हो रही है।
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
वहीं, जेई प्रदीप ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान बस शेल्टर हटाया गया था और उसे पार्क में सुरक्षित रखा गया था। हाल ही में उसे पार्क से हटाकर श्मशान घाट के बाहर रखा गया है, जिसे जल्द साफ कर पुनः स्थापित किया जाएगा।