Summer express कर्नाटक | कर्नाटक के मांड्या जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। यह मंदिर श्री श्री श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है, जिन्होंने शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए थे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को सम्मानित भी किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस योजना का विस्तार 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तक भी किया है, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने महास्वामीजी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कई संस्थान स्थापित किए, जिससे ग्रामीण और गरीब बच्चों को लाभ मिला। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी उनके कार्य सराहनीय रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संतों के बीच रहना और इतने बड़े जनसमूह से जुड़ना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने भारत को हजारों वर्षों पुरानी जीवंत सभ्यता बताते हुए कहा कि हमारी परंपराएं आज भी मजबूत हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के साथ मिलकर सौंदर्य लहरी और शिव महिम्ना स्तोत्रम् नामक पुस्तकों का भी विमोचन किया गया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया और सहारनपुर में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया।