Summer express,फरीदाबाद | अनंगपुर गांव के रिहायशी क्षेत्र में देर रात तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। अचानक हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन्य जीव एवं प्राणी विभाग को दी है। विभाग की टीम अब क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
अरावली की तलहटी में स्थित अनंगपुर गांव में पहले भी जंगली जानवरों, विशेषकर तेंदुए के देखे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार तेंदुए का रिहायशी क्षेत्र में आना लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात मुख्य सड़क के पास एक व्यक्ति ने तेंदुए को देखा और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया और गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी गांव में तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिल चुके हैं। 7 सितंबर को गांव के श्मशान घाट की दीवार पर तेंदुए के पंजों के निशान देखे गए थे, जिससे वन्य जीव की गतिविधियों की पुष्टि हुई थी। वहीं वर्ष 2021 में भी तेंदुआ रिहायशी इलाके में देखा गया था, जिससे उस समय भी ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
इसके अलावा लगभग एक महीने पहले पास के भांकरी गांव स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में भी तेंदुआ देखे जाने की शिकायत दर्ज की गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह आशंका और बढ़ा दी है कि अरावली क्षेत्र से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। टीम द्वारा जल्द ही इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की संभावना है।